पलवल, 24 जून (आवाज केसरी )। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजिविका मिशन द्वारा -गठित स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने बचत व लेनदेन से आगे बढकर, कोविड-19 महामारी के इस दौर में जिले में घोषित कंटेनमेंट जोन इलाकों में सब्जी,फल,मास्क, सैनिटाइजर आदि की पूर्ति करने का बीडा उठाया है।

इससे पहले इन स्वयं सहायता समूह के सदस्यों ने मास्क,सैनेटाइजर पी.पी.ई. किट आदि को तैयार करके जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाया था। अब ये सदस्य अपने वाहन में फल,सब्जी के अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित मास्क व सैनेटाइजर आदि भी इन इलाकों में बेचेंगे। जिसकी शुरूआत एकता महिला कलस्टर लेवल फेडरेशन के अध्यक्षा लीलावती ने झंडी दिखा कर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारी समूह की महिलाएं हमेशा की तरह भविष्य में भी देश सेवा के हर कार्य को करने के लिए सदैव तत्पर है।
प्रधान सचिव,ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा सरकार, सुधीर राजपाल द्वारा दिए गए निर्देशानुसार, जिला प्रशासन ने जिले में घोषित कंटेनमेंट जोन के इलाकों में नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक वस्तुओं जैसे फल,सब्जी,मास्क,सैनिटाइजर आदि की पूर्ति के लिए स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को अधिकृत किया है।
अतिरिक्त उपायुक्त वत्सल वशिष्ठï ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा की गई यह अनूठी पहल देश सेवा के साथ साथ उनकी आजिविका का उचित साधन है।