किसान -मजदूर मिलकर करेंगे मंत्रियों का घेराव : सुभाष लाम्बा
बिजली विभाग कर्मी आगामी फरवरी में करेंगे राष्ट्रव्यापी हडताल
पलवल (आवाज केसरी) पलवल में सीटू तथा सर्व कर्मचारी संघ के सैकड़ों कर्मचारी जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने के बाद तीन कृषि संशोधन कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे हुए किसानों का समर्थन करने के लिए धरना स्थल पर पहुंचे। यहां पर ऑल इंडिया एम्पलाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कर्मचारियों और किसानों को संबोधित करते हुए आने वाले दिनों में भाजपा सरकारों के खिलाफ किए जाने वाले आंदोलनों की जानकारी दी।

राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 40 दिनों से चल रहे धरने पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए स्टे के बावजूद धरना और प्रदर्शन पर कोई अंतर नहीं पड़ा है यहां पर धरना एवं भूख हड़ताल पूर्ववत जारी है। कृषि कानूनों के खिलाफ धरना दे रहे किसान नेताओं का कहना है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा तीनों कृषि कानूनों पर स्टे लगाए जाने के बावजूद तीनों कृषि कानूनों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसलिए वह किसी बहकावे में न आकर अपने आंदोलन ना छोड़े और आंदोलन की मजबूती के लिए लगातार कार्य करते रहें जिससे केंद्र सरकार इन तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए मजबूर हो।
राष्ट्रीय राजमार्ग 19 अटोंहा गांव चौहान चौक के पास धरना दे रहे किसानों को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश एवं ऑल इंडिया एम्पलाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने केंद्र की भाजपा सरकार की खिंचाई करते हुए कहा कि यह सरकार किसान और मजदूर विरोधी है जिसके कारण पूरे देश का कर्मचारी आज इस सरकार के खिलाफ ईट से ईट बजाने के लिए तैयार है, उन्होंने कहा कि आगामी 20 और 21 जनवरी को पूरे देश में इस जुल्मी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और मार्च निकाले जाएंगे। इसके बाद 6 फरवरी को पूरे प्रदेश में सभी मंत्रियों का घेराव किया जाएगा।
बताया कि कृषि कानून ही नहीं बल्कि बिजली संशोधन बिल भी किसानों के लिए नुकसानदेह साबित होगा इसके जरिए बिजली का प्राइवेटाईजेशन होना निश्चित है। इसलिए फरवरी के पहले सप्ताह में बिजली कर्मचारी भी राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे।