पलवल, 17 मई (गुरुदत्त गर्ग)। भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, अटल पराक्रम और परम बलिदान की प्रेरणादायक गाथा को समर्पित ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत होडल विधानसभा में शनिवार को बस स्टैंड से सती तालाब – हसनपुर चौक से होते हुए नानक डेयरी रोड पर चौ. चरण सिंह मूर्ति तक एक भव्य और गरिमामयी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा का आयोजन न केवल हमारे वीर जवानों को कृतज्ञता और श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक सशक्त माध्यम बना, बल्कि देशवासियों के हृदय में राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और भी प्रबल करने का प्रेरणादायी प्रयास सिद्ध हुआ। इस गौरवपूर्ण यात्रा की अगुवाई होडल के विधायक हरिन्द्र सिंह द्वारा की गई। इस यात्रा में वरिष्ठ नेताओं, समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चारों ओर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजता वातावरण, हर हृदय में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जीवंत करता रहा।
जोश और देशभक्ति से सराबोर माहौल में विधायक हरिन्द्र सिंह ने होडल की जनता को संबोधित करते हुआ कहा कि पहलगाम की घटना के बाद जिस तरह से भारत सरकार ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में साहसिक निर्णय लेते हुए भारतीय सेनाओं ने अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन किया वह अविस्मरणीय है। सेना केवल सीमाओं की रक्षा नहीं करती, बल्कि वह राष्ट्र के आत्मसम्मान की प्रतीक है। यह तिरंगा यात्रा हमारे वीर सपूतों के सम्मान में एक छोटा सा लेकिन सार्थक प्रयास है। हमें गर्व है कि हम ऐसे जवानों के देशवासी हैं जो हर परिस्थिति में मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि देशवासियों के लिए जो निर्णय लिए गए हैं, वे हम सभी के लिए गर्व की बात हैं। अगर आतंक के आका भारत की तरफ आंख उठाएंगे, तो हमारी सेनाएं, सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें करारा जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भारत माता की गरिमा और प्रतिष्ठा के प्रतीक तिरंगे को कभी झुकने नहीं दिया। तिरंगा यात्रा, भारत माता की महिमा और गौरव का उत्सव है। यह हमारे राष्ट्र के आत्मगौरव, अदम्य साहस और एकता का प्रतीक है। यह उन शूरवीरों को समर्पित है जिन्होंने हर चुनौती का डटकर सामना किया और शत्रु को उसकी ही शैली में उत्तर दिया।

सेना के सम्मान में एकजुट हुआ होडल
वरिष्ठ भाजपा नेता जगमोहन गोयल ने यात्रा में संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सेना के साहस को समर्पित थी। “यह यात्रा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और सेना के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाने का माध्यम है।” उन्होंने युवाओं से देश सेवा के लिए प्रेरित होने का आह्वान किया। गौतम ने सेना की वीरता को नमन करते हुए कहा कि पलवल हमेशा देशभक्ति में अग्रणी रहा है।
तिरंगा यात्रा में भाजपा के पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, चेयरपर्सन एमसी होडल इन्द्रेश, पूर्व जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, किरणपाल खटाना, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, कॉलेज एवं स्कूलों के छात्र आदि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।