पलवल,(आवाज केसरी) । जिला इनेलो के कार्यकर्ताओं ने रविवार को ताऊ देवी लाल पार्क में चल रहे किसानों के प्रदर्शन को समर्थन दिया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों की आवाज उठाते हुए सरकार के रवैए की निंदा की। जिसमें पलवल से पूर्व प्रत्याशी सतपाल देशवाल, जिला अध्यक्ष अजीत बॉबी, शहरी अध्यक्ष अशोक शर्मा, देवी पहलवान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि चौधरी अभय सिंह चौटाला के निर्देश पर केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए कृषि संबंधी तीन अध्यादेशों एवं पीपली में किसानों पर किए गए लाठीचार्ज और उन पर दर्ज झूठे मुकदमों के विरोध में इनेलो पार्टी द्वारा पहले चरण में प्रदेश के 14 जिलों में रोष प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। ये रोष प्रदर्शन चौधरी अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में किए जाएंगे।
सतपाल देशवाल ने बताया कि इनेलो पार्टी ताऊ देवी लाल का लगाया हुआ पौधा है और यह पार्टी उनकी नीतियों पर चलने वाली पार्टी है। किसानों के साथ हुई लाठीचार्ज बर्बरतापूर्ण थी। इनेलो हमेशा किसान, मजदूर एवं छोटे व्यापारियों के हकों की लड़ाई लड़ती रही है और हमेशा लुटेरों के खिलाफ कमेरों के हक की आवाज बुलंद करती रही है। पिपली में किसानों के साथ हुए लाठीचार्ज एवं झूठे मुकदमे किसानों की आवाज को दबाने का प्रयास सरकार द्वारा किया गया जोकि बेहद निंदनीय है।