पलवल,(आवाज केसरी) ऑल हरियाणा पॉवर कारपोरेशन वर्कर यूनियन सर्कल पलवल के सैकड़ों कर्मचारियों ने आज अपनी मांगों को लेकर पैदल मार्च निकालकर जिला उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा गया। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक से भी गुहार लगाई गई कि अधीक्षक अभियंता (एसई) द्वारा जो मुकदमा कर्मचारियों पर दर्ज किया गया है उसे रद्द किया जाए। यह पैदल मार्च न्यू कालोनी स्थित श्रृदानंद पार्क से शुरू किया गया।
पलवल सर्कल यूनिट प्रधान राजेश शर्मा ने कहा कि बिजली कर्मचारियों ने मांगों को लेकर अधिकारियों को एजेंड़ा दिया हुआ था। कर्मचारियों की मांगों को लेकर अधिकारियों से बातचीत भी की गई और कुछ मांगों पर सहमति भी बनी लेकिन अभी तक उन मांगों को पूरा नहीं किया गया है। वहीं यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि बिजली विभाग में कार्यरत 31 कर्मचारियों को बगैर नोटिस दिए गए निकाल दिया गया है। ये सभी कर्मचारी करीब बारह वर्षो से विभाग को अपनी सेवाऐं दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बिजली निगम में कार्यरत कर्मचारियों को कुछ वर्षो के बाद में रोल पर कर दिया जाता था लेकिन बारह वर्ष तक सेवा देेने के बाद भी ऐसे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने यह आरोप लगाया है कि निकाले गए कर्मचारियों के दस्तावेज फर्जी है, तो उन कागजों की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि निकाले गए कर्मचारियों की जब भर्ती की गई उस दौरान एक कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी ने दस्तावेजों की जांच के बाद ही कर्मचारियों को नौकरी पर रखा था। फर्जी दस्तावेजों पर अगर किसी अधिकारी ने कर्मचारी लगाए तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए। वहीं उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जल्द से जल्द उनकी मांगो को नहीं माना गया या कोई जल्द समाधान नहीं किया गया प्रदेश स्तर पर फैसला लेकर बड़े आंदोलन रुपरेखा तैयार की जाएगी। जिसकी जिम्मेवारी स्वंय विभागीय अधिकारियों की होगी।