सोनीपत, 25 जुलाई (संजीव,आवाज केसरी) हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सोनिया अग्रवाल ने शनिवार को रेलवे रोड स्थित पीडब्ल्यूडी के विश्राम गृह में पीडि़त महिलाओं की विभिन्न शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने तीन मामलों की प्रमुखता से सुनवाई करते हुए एक मामले का मौके पर ही निपटारा किया, जिसमें शिकायतकर्ता महिला ने अपने पड़ोसी की शिकायत दी थी। दो अन्य मामले दहेज प्रताडऩा के थे, जिनमें कोई फैसला नहीं हो सका।
आर्य गल्स स्कूल मुरथल अड्डा निवासी महिला ने हरियाणा राज्य महिला आयोग को शिकायत दी थी कि उनका पड़ोसी दीपक व राजपाल उनके साथ झगड़ा करते रहते हैं। ऐसे में वह अपने पड़ोसियों के नाजायज झगड़े के कारण परेशान रहती है।
इस मामले की सुनवाई करते हुए महिला आयोग की सदस्य सोनिया अग्रवाल ने आरोपी पक्ष को चेतावनी देते हुए समझाया। उन्होंने शिकायतकर्ता को भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में उनके पड़ोसी उन्हें तंग नहीं करेंगे। अपने प्रयासों से उन्होंने दोनों पक्षों में आपसी सहमति से समझौता करवाने में सफलता हासिल की। इनके अलावा दो अन्य मामले दहेज प्रताडऩा के थे।
महिला आयोग की सदस्य सोनिया अग्रवाल लोगों की समस्या सुनती हुई
इनमें एक मामला बाबा कालोनी का था, जिसमें शिकायतकर्ता महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। दूसरा मामला शास्त्री नगर जैन स्कूल के पीछे गन्नौर का है। शास्त्री नगर की महिला ने भी अपने ससुराल वालों पर दहेज की मांग के चलते उन्हें प्रताडि़त करने की शिकायत दी है। राज्य महिला आयोग की सदस्य सोनिया अग्रवाल ने दोनों मामलों में गंभीरता से सभी पक्षों की सुनवाई की। उन्होंने दोनों मामलों में दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष आपस में सहमति बनाने का प्रयास करें ताकि आपसी समझौता कायम हो सके। इसके लिए उन्होंने दोनों मामलों में नई तारीख देने का निर्णय लिया। दोनों पक्षों को अगली तारीख पर पुन: बुलाया जाएगा। तारीख की जानकारी दोनों पक्षों को दे दी जाएगी।
इस दौरान सदस्य सोनिया अग्रवाल ने महिलाओं का आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार का अन्याय चुपचाप सहन न करें। महिलाओं को हर प्रकार के शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए महिला आयोग सक्रिय रूप से कार्यरत है। अपने शोषण के खिलाफ महिलाएं आवाज उठायें। हरियाणा राज्य महिला आयोग हर प्रकार से महिलाओं के साथ है।