नई दिल्ली,(आवाज केसरी)। लॉक डाउन के चार चरणों के बाद प्रदेश में अनलॉक-1 जारी है। जिसके तहत कुछ छूट दी गई है। इस छूट के साथ ही सोमवार को दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भी पाबंदी खत्म हो गई। अब दिल्ली से लगते गुरूग्राम,फरीदाबाद व बहादुरगढ़ की सीमाएं खोल दी गई है। पुलिस की तरफ से अब इन सीमाओं पर कोई चेकिंग नहीं की जा रही है।
दिल्ली बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस की रोक हट जाने के बाद सोमवार को ट्रैफिक सामान्य हो गया है। बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स हटा दिए गए और किसी तरह की कोई रोक टोक भी नहीं हो रही। इसलिए, गुड़गांव बॉर्डर पर जाम भी नहीं है। बता दें कि रविवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक सप्ताह के बाद दिल्ली बॉर्डर को खोलने का ऐलान किया था। इससे पहले मूवमेंट पास और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही जाने दिया जा रहा था।
इसके साथ ही प्रदेश में 75 दिन के बाद गुड़गांव और फरीदाबाद को छोड़कर प्रदेशभर में धार्मिक स्थल खुल गए हैं। हालांकि मंदिरों में भीड़ कम दिखाई दी। गुड़गांव और फरीदाबाद को छोड़कर बाकी प्रदेश में सोमवार को होटल, रेस्तरां, शॉपिंग सेंटर समेत कई आर्थिक गतिविधियों के साथ धार्मिक गतिविधियां भी शुरू हो गई।
मंदिरों में कपाट खोल दिए गए। वहां सैनिटाइजर करना व मास्क लगाना अनिवार्य है। मंदिर में घंटी बजाने पर रोक है। हालांकि, कंटेनमेंट जोन में 30 जून तक लॉकडाउन ही रहेगा। वहां सिर्फ आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी प्रकार की गतिविधियों पर रोक रहेगी। प्रदेश में अभी 649 कंटेनमेंट जोन हैं।

इस अनलॉक-1 में होटल सुबह 9 से रात 8 बजे तक खुलेंगे। आने वालों के लिए मास्क जरूरी है। क्षमता के सिर्फ 50% लोग बैठ सकेंगे। बफे सर्विस पर प्रतिबंध होगा। डिजिटल पेमेंट होगी। कॉन्टैक्टलैस चेक-इन व चेक-आउट की व्यवस्था करनी होगी। बार की अनुमति नहीं होगी। कमरों में रखने से पहले सामान सैनिटाइज किया जाएगा।
धार्मिक स्थल पर बिना मास्क प्रवेश नहीं मिलेगा। मूर्तियों-ग्रंथों को नहीं छुएंगे। घंटियां नहीं बजा सकेंगे। बैठकर पूजा करने के लिए श्रद्धालु अपने घर से ही चटाई लेकर आएंगे। सामूहिक आरती, भजन, सामूहिक सभा और प्रार्थना की अनुमति नहीं रहेगी। प्रसाद, जल छिड़कने पर राेक। राज्य में लंगर या अन्न-दान किया जा सकता है, लेकिन मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी।
रेस्तरां में बैठकर खाने के बजाय टेकअवे को बढ़ावा देंगे। होम डिलीवरी करने वाला स्टाफ पैकेट दरवाजे पर रखेगा। एंट्री गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था हाेगी। 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालन होगा।
बैंक्वेट हॉल में एक समय में अधिकतम 50 मेहमान ही ठहर सकेंगे। मास्क पहनना व सोशल डिस्टेंसिंग व सैनिटाइजर जरूरी।
शॉपिंग मॉल में एसी 24-30 डिग्री, ह्यूमिडिटी 40-70% रखनी होगी। एलिवेटर में लोगों की सीमित संख्या तय करनी होगी। फूड काेर्ट में आधी से ज्यादा सीटों पर नहीं बैठाया जाएगा। गेमिंग आर्केड, चिल्ड्रन प्ले एरिया और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। मास्क पहनना व सोशल डिस्टेंसिंग रखना अनिवार्य है।